गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को शहीद स्मारक डिग्री कॉलेज, मुहम्मदाबाद में भारत सरकार की जनगणना-2027 के तहत प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, उपस्थिति और प्रगति का जायजा लिया। 29 से 31 अक्टूबर तक आयोजित द्वितीय चरण के दूसरे बैच के प्रशिक्षण के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल पर भोजन की गुणवत्ता भी स्वयं चखकर परखी। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का नागरिकता से कोई लेना-देना नहीं है। यह देश के विकास की योजनाएं तैयार करने के लिए आंकड़े एकत्र करने की सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है। उन्होंने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से कहा कि वे आमजन के बीच जनगणना को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करें और पूरी जिम्मेदारी के साथ जनगणना का कार्य त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराएं।
जनगणना प्रशिक्षण का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, खुद चखकर परखी भोजन की गुणवत्ता
