गाजीपुर। जनपद में दो दिनों से लगातार हो रही चक्रवाती बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने खेतों में खड़ी फसलों को बारिश से नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत तत्काल सूचना देने की अपील की है। जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, वे टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें, ताकि समय से फसलों का सर्वे कराकर नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जा सके। कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ की कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने के लिए पहले ही एडवाइजरी जारी की गई थी। वहीं, जिन किसानों की फसलें अभी खेतों में खड़ी हैं और बारिश से उन्हें नुकसान हुआ है, वे बीमा कंपनी को तत्काल सूचित करें। रबी की बुवाई कर चुके किसान सरसों, चना और मटर के खेतों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था रखें और पानी जमा न होने दें। मौसम सामान्य होने तक बुवाई, यूरिया-डीएपी का प्रयोग और कीटनाशकों का छिड़काव न करें। सब्जी उत्पादक किसान टमाटर और बैंगन के पौधों को गिरने से बचाने के लिए बांस का सहारा दें। केला और पपीता के बागों में भी अतिरिक्त सहारा लगाने की सलाह दी गई है। विभाग ने किसानों को बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में नहीं रहने, पशुओं को सुरक्षित शेड में रखने तथा विद्युत उपकरणों और पंपसेट की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। जलभराव वाले खेतों से पानी निकालने के लिए तत्काल नालियां बनाने की भी सलाह दी गई है।
चक्रवाती बारिश से फसलों को नुकसान, बीमित किसान 14447 पर दें सूचना
