गाज़ीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरखपुर वाराणसी हाईवे पर नगर स्थित मीठा पानी रेस्टोरेंट के सामने बीती रात एक बाइक सड़क पर घूम रहे छुट्टा सांड से टकरा गई। जिसमें बाइक चालक वाराणसी जनपद के भोजूबीर थाना अंतर्गत पत्रकारपुरम कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय युवक परदेश यादव की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा परदेश का 34 वर्षीय दोस्त वाराणसी के राजातलाब थाना क्षेत्र अंतर्गत सहंसापुर गांव निवासी चंद्रमा राजभर घायल हो गया। मृतक परदेश यादव और उसका दोस्त चंद्रमा राजभर कानपुर की कंपनी सर्वोकान में सर्विस इंजीनियर के पद पर काम करते थे। बीते शनिवार की दोपहर 1 बजे चंद्रमा राजभर की बाइक से दोनों दोस्त वाराणसी से मऊ जनपद स्थित एक कोल्डस्टोरेज में काम करके बीती रात घर लौट रहे थे। बाइक परदेश यादव चला रहा था। गोरखपुर वाराणसी हाईवे पर सैदपुर नगर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने अचानक से उनकी बाइक के आगे एक सांड आ गया। जिससे उनकी बाइक टकरा गई। इस टक्कर में परदेश को गंभीर चोटें आईं, चंद्रमा राजभर भी घायल हो गया। दोनों घायलों को सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।जहां डॉक्टर ने जांच कर परदेश यादव को मृत घोषित कर दिया। चंद्रमा का प्राथमिक उपचार कर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। रात में सैदपुर पहुंचे मृतक के रिश्तेदारों की उपस्थिति में परदेश यादव के शव को पुलिस ने जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया। रविवार को मृतक के परिजन थाने पहुंचे हैं। जिनकी मौजूदगी में थाने पर मृतक का पोस्टमार्टम करने के लिए अभिलेखीय कार्य किया जा रहा है। मृतक परदेश यादव दो भाई एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी थी। वह अपने पीछे एक 12 वर्ष और एक 9 वर्ष की दो पुत्रियों सहित पत्नी प्रीति को छोड़ गया है। घटना की सूचना के बाद से मृतक की पत्नी ,उसकी मां बेला देवी सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई में लगे उप निरीक्षक आरपी दुबे ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि परिजनों की सूचना पर घटना की जांच और पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छुट्टा सांड से टकराई बाइक, सर्विस इंजीनियर की मौत
