पीईटी परीक्षा केंद्र का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सीसीटीवी और चेकिंग व्यवस्था परखी

An image for the post

गाजीपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने आदर्श बाजार स्थित ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के संचालन, कंट्रोल रूम, परीक्षार्थियों की चेकिंग और परीक्षा कक्षों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए। वहीं यातायात पुलिस को आदर्श बाजार और परीक्षा केंद्र के आसपास जाम की स्थिति न बनने देने को कहा, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो। जनपद में शुक्रवार को आयोजित पीईटी की प्रथम पाली में कुल 8352 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 4842 उपस्थित और 3510 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5141 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3211 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया।