गाज़ीपुर। नगर पालिका परिषद जमानिया में विभिन्न जनहितैषी मांगों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 23वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज सभासदों ने बांहों में काली पट्टी बांधकर पालिका अध्यक्ष और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सोमवार 2 नवंबर को सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा। सभासदों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत विरोध के लिए नहीं, बल्कि नगर की जनता के अधिकारों और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासनादेशों का उल्लंघन कर नगर में कार्य कराए जा रहे हैं। रोक के बावजूद नवीन गृहकर (हाउस टैक्स) की वसूली की जा रही है। वहीं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का निजी कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है। सभासदों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तैनाती, कार्य और जिम्मेदारियों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों के कथित दुरुपयोग से नगर के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा बोर्ड बैठकों में पारित विकास प्रस्तावों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। सभासदों ने कहा कि सामूहिक इस्तीफे के बाद भी आंदोलन समाप्त नहीं होगा, बल्कि आम जनता को साथ लेकर व्यापक स्तर पर शांतिपूर्ण जनांदोलन किया जाएगा। धरने में राकेश प्रजापति, रजनीकांत उपाध्याय, सुरेंद्र चौधरी साहू, प्रमोद यादव, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, शिवबचन यादव, उमराव यादव, मोहन राम, अरशद और आमिर उर्फ गोलू सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।
23वें दिन भी जारी रहा सभासदों का धरना, 2 नवंबर को सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
