गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा और नंदगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। मामला करंडा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम सरौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान थाना करंडा में दर्ज मुकदमे में वांछित कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में अभियुक्त घायल हुआ, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से .312 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ करंडा और नंदगंज थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
करंडा में पुलिस मुठभेड़: हिस्ट्रीशीटर कुंदन सिंह घायल, अवैध तमंचा समेत गिरफ्तार
