गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय समता भवन में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि एवं संत शिरोमणि नामदेव जी की जयंती जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति के महान ऋषि और रामायण के रचयिता थे। उन्होंने अपने ज्ञान और साहित्य के माध्यम से समाज को सत्य, मर्यादा एवं नैतिकता का मार्ग दिखाया। वहीं, संत शिरोमणि नामदेव जी ने अपनी भक्ति और विचारों के जरिए प्रेम, समानता तथा मानवता का संदेश दिया। दोनों महापुरुषों की शिक्षाएं आज भी सामाजिक न्याय, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
सदर विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि और संत नामदेव का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलकर ही समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। गोष्ठी का संचालन जिला सचिव जयराम भारती ने किया। इस अवसर पर निजामुद्दीन खान, सुशील जायसवाल, सदानंद यादव, तहसीन अहमद, दिनेश यादव, अमित ठाकुर, गोपाल, बैजनाथ, पवन, हरबंस, सुग्गू, रामाशीष, अशोक, रीना यादव, धन्नू, ममता और धर्मेंद्र सहित सपा के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
