*सांसद डॉ. संगीता बलवंत की पहल से गांव में विकास कार्य, ‘मन की बात’ का हुआ सामूहिक श्रवण*

An image for the post

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड का रविवार को छावनी लाइन गंगा विशुनपुर स्थित बूथ संख्या 225 पर सामूहिक श्रवण किया गया। सेक्टर संयोजक विनोद दुबे के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। इस दौरान देश की प्रगति, त्योहारों की परंपराओं और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के बाद विधानसभा सदर के ग्राम सभा गोंडा (देहाती) में सांसद निधि योजना के वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत निर्मित दो इंटरलॉकिंग मार्गों का लोकार्पण किया गया। इनमें धर्मेंद्र के घर से जीवन बिंद के घर तक तथा अंगद बिंद के घर से रामध्यान बिंद के घर तक बने मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम होगी। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। सांसद निधि के माध्यम से कराए जा रहे ऐसे निर्माण कार्य गांवों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण संपर्क मार्गों का विकास स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के साथ ही गांवों के समग्र विकास को भी गति देता है। ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण और विकास कार्यों के लोकार्पण के माध्यम से एक ओर जहां राष्ट्र निर्माण एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया।