पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी घायल, गिरफ्तार

An image for the post

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र में दो लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सर्वेश राय उर्फ सिट्टू को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 25 अक्टूबर को भांवरकोल थानाध्यक्ष की टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त सर्वेश राय उर्फ सिट्टू, सुखडेहरा गांव का निवासी है। वह 13 अक्टूबर 2026 को थाना क्षेत्र में फायरिंग कर दो लोगों को घायल करने के मामले में वांछित था। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 224/2026 के तहत बीएनएस की धारा 352 और 109(1) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सर्वेश राय का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ भांवरकोल थाने में हत्या, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले के अतिरिक्त वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ एक अन्य मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।