गाजीपुर। भारत सरकार के ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के तहत मेरा युवा भारत, गाजीपुर की ओर से गुरुवार को पीजी कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, भाषण, रंगोली, नारा लेखन और चित्रकला के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। प्रतियोगिताओं में लोकगीत में अंकित राजभर एवं टीम और नुक्कड़ नाटक में खुशबू एवं टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कविता पाठ में आंचल वर्मा, भाषण में दीपशिखा, रंगोली में सरिता प्रजापति, नारा लेखन में गुंजन कुमारी और चित्रकला में आकांक्षा शर्मा प्रथम रहीं। समापन समारोह में पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र पांडेय ने युवाओं से नशामुक्ति के प्रति अपने आसपास जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। अंत में विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशामुक्त युवा-विकसित भारत का संकल्प लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए- विनोद अग्रवाल
