डीएम ने विद्युत वर्कशॉप का किया औचक निरीक्षण, 24 घंटे ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग के निर्देश

An image for the post

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को रौजा स्थित विद्युत विभाग की वर्कशॉप का औचक निरीक्षण कर ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सब-ट्रांसफॉर्मर सप्लाई रजिस्टर समेत विभिन्न अभिलेखों की जांच की और खराब ट्रांसफॉर्मरों की संख्या व उनकी मरम्मत की स्थिति के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खराब ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं और किसानों को समय से ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने वर्कशॉप में चल रहे रिपेयरिंग कार्य का मौके पर निरीक्षण कर जेई से मरम्मत की प्रक्रिया और गुणवत्ता की जानकारी भी ली।

वर्कशॉप में बाहरी लोगों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

डीएम ने वर्कशॉप में कार्यरत कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से आई-कार्ड पहनने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्कशॉप के बाहर स्पष्ट निर्देशों वाला बोर्ड लगाने तथा बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का अनुपालन नहीं होने पर संबंधित जेई के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वर्कशॉप तक जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और उसे जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायत के बाद ट्रांसफॉर्मर पाने वाले एक उपभोक्ता से सीधे बातचीत कर यह जानकारी ली कि उसे कितने समय में ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया।

दो जेई की कार्यप्रणाली की जांच के निर्देश

जिलाधिकारी ने वर्कशॉप में कार्यरत जितेंद्र कुमार गुप्ता और राजन चौबे सहित दोनों जेई की कार्यप्रणाली में कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को उनकी कार्यप्रणाली की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय और नियमानुसार ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। वर्कशॉप में खराब एवं अनुपयोगी पड़े सामान का निरीक्षण करते हुए डीएम ने नियमानुसार उनकी नीलामी की कार्रवाई कराने के निर्देश भी दिए।

सैदपुर वर्कशॉप में बढ़ेंगे 8 मजदूर

इसके बाद जिलाधिकारी ने सौना, सैदपुर स्थित विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शिकायत रजिस्टर देखा और विद्युत संबंधी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। सैदपुर स्थित ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप के निरीक्षण के दौरान मजदूरों की संख्या कम मिलने पर जिलाधिकारी ने अतिरिक्त आठ मजदूर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक संख्या में ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत हो और जनपद में ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता में कमी न आए।

सिंचाई के समय 24 घंटे होगी ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग का कार्य 24 घंटे शिफ्ट में कराया जाए। वर्कशॉप से ट्रांसफॉर्मरों का वितरण भी निर्धारित नियम और समय-सीमा के अनुसार नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग का मुख्य उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है। ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत, वितरण अथवा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर बच्चों का हाल जाना

विद्युत विभाग के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड सैदपुर के ग्राम पंचायत अलायचक स्थित वैक्सीनेशन सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एएनएम से छोटे बच्चों के टीकाकरण की स्थिति, कितने बच्चों का वैक्सीनेशन हो चुका है और कितने बच्चे अभी टीकाकरण से वंचित हैं, इसकी जानकारी ली। डीएम ने ग्राम सभा में गर्भवती महिलाओं की संख्या तथा उन्हें समय से टीकाकरण, दवा और स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने की जानकारी भी ली। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी लेने को कहा। निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। इस दौरान वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचे बच्चों और उनके अभिभावकों से जिलाधिकारी ने बातचीत की और बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट वितरित की। निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के एसी, जेई समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।