गाजीपुर में ट्रेलर बेकाबू होकर नदी में गिरा, चालक-खलासी का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

An image for the post

गाजीपुर में शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु पर शनिवार की सुबह में 3.30 बजे एक बार फिर तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में पलट गया। चालक और खलासी भी ट्रेलर के साथ नदी में डूब गए। हादसे की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। फिलहाल ट्रेलर का पता तो चल गया है। लेकिन चालक और खलासी अभी भी लापता हैं। हादसे के करीब 9 घंटे बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अतुल सोनकर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।

हादसे के समय सेतु पर विपरीत दिशा से आ रही सब्जी लदी सफेद पिकअप (UP 64 CT 7294) को क्रास करने के दौरान ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पलट गई और ट्रेलर सेतु का रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में जा गिरा।

हादसे में पिकअप चालक 28 वर्षीय रवि गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। पिकअप में सवार एक अन्य व्यक्ति भी घायल है, जिसका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि ट्रेलर गोरखपुर के पीपीगंज निवासी अमित मल्ल है। चालक की पहचान कौड़ीराम निवासी राजन यादव (28) के रूप में हुई है। ट्रेलर में एक खलासी भी सवार था। स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर की लोकेशन का पता लगाया है। यह सेतु के पिलर संख्या 6 और 7 के बीच करीब 35 फीट गहराई में फंसा हुआ है। लेकिन ट्रेलर में सवार चालक और खलासी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम आधुनिक उपकरणों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करेगी। सेतु के दोनों छोर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए टीआई मनीष त्रिपाठी की पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही है।

हादसे के कारण सेतु पर समय-समय पर जाम की स्थिति बन रही है और भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। हादसे के करीब 9 घंटे बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अतुल सोनकर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। एनएचएआई ने सेतु की टूटी रेलिंग की मरम्मत के लिए कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, मरम्मत कार्य अभी शुरू नहीं हो पाया है।