गाज़ीपुर/भीमापार। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सैदपुर, गाजीपुर में आयोजित तीन दिवसीय सक्षम प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रशिक्षुओं को स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा प्रतिरक्षा युक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रथम सत्र में डायट प्रवक्ता सुमन तिवारी द्वारा हेल्थ, वेलबीइंग एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. सर्वेश कुमार राय ने तनाव प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने तनाव के कारणों, उसके प्रभावों तथा तनाव को नियंत्रित करने की व्यवहारिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद डॉ. राय द्वारा प्रतिरक्षा युक्तियां विषय पर भी प्रतिभागियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। इन सत्रों का सत्र-संचालन डॉ. अर्चना सिंह एवं श्री राजवंत सिंह द्वारा किया गया। दोनों ने सत्रों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण का कार्य वरिष्ठ प्रवक्ता डी. पी. सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में डायट प्राचार्य शैलेष पटेल ने समापन उद्बोधन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण के उद्देश्यों, प्रतिभागियों की सहभागिता तथा प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों एवं कार्मिकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं मानसिक वेलबीइंग को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने सभी प्रशिक्षकों, सत्र संचालकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उक्त अवसर पर प्रवक्ता डॉ निधि सोनकर, बृजेश कुमार, आलोक कुमार तिवारी, डॉ मंजर कमाल, उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ अर्चना सिंह ने किया।राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय सक्षम प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।
तीन दिवसीय सक्षम प्रशिक्षण सम्पन्न
