गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर ड्रग्स इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने आईजीआरएस पर मिली शिकायत के बाद शहर के कई मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। महिला जिला अस्पताल के सामने समेत विभिन्न क्षेत्रों में हुई जांच के दौरान मेडिकल स्टोरों की साफ-सफाई, फार्मासिस्ट की मौजूदगी, दवा बिक्री के बिल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को परखा गया। निरीक्षण के दौरान सिंह मेडिकल स्टोर, पटेल मेडिकल स्टोर, हिंद मेडिकल स्टोर, शांति फार्मा, सिंध मेडिकल स्टोर और ओम साई मेडिकल स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कई दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली, जबकि महिला जिला अस्पताल के सामने स्थित सिंह मेडिकल स्टोर पर जांच के समय फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाया गया। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट-1940 एवं नियमावली-1945 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मासिस्ट की मौजूदगी के बिना दवाओं की बिक्री नहीं की जाए और प्रत्येक ग्राहक को दवा का पक्का बिल उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, परिसर में साफ-सफाई रखने और मरीजों व उनके तीमारदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें सात कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण देने और कमियों को दूर कर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने का समय दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा सकती है।
मेडिकल स्टोरों पर ड्रग्स इंस्पेक्टर की छापेमारी, फार्मासिस्ट गायब मिलने पर नोटिस
