शर्ट उतारकर सभासदों का प्रदर्शन, 31 अक्टूबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो देंगे सामूहिक इस्तीफा

An image for the post

गाज़ीपुर। नगर पालिका परिषद जमानिया में जनहित की मांगों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 21वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज सभासदों ने शर्ट उतारकर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि 31 अक्टूबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो सभी सभासद सामूहिक इस्तीफा सौंप देंगे। सभासदों ने कहा कि उनका आंदोलन व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि नगर की जनता के अधिकारों और विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए है। सामूहिक इस्तीफे के बाद भी आंदोलन जारी रखने और जनता को साथ लेकर व्यापक शांतिपूर्ण जनांदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। सभासदों ने आरोप लगाया कि रोक के बावजूद नगर में नवीन गृहकर (हाउस टैक्स) की वसूली की जा रही है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तैनाती, कार्य और जिम्मेदारियों का विवरण भी सार्वजनिक नहीं किया जा रहा। उन्होंने कर्मचारियों को व्यक्तिगत बैठकों और धार्मिक आयोजनों में लगाए जाने तथा बोर्ड बैठकों में पारित विकास प्रस्तावों को लंबित रखने पर नाराजगी जताई। सभासदों की छह सूत्रीय मांगों में नवीन गृहकर वसूली पर रोक, आउटसोर्सिंग कर्मियों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना, बोर्ड में पारित प्रस्तावों को लागू करना और संबंधित मामलों की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराना शामिल है। धरने में प्रमोद यादव, विकास जायसवाल जुगनू, सचिन वर्मा, राज चौधरी, सुरेंद्र चौधरी साहू, अंजनी गुप्ता, मोहन गुप्ता, मनीष यादव, शिवबचन यादव, आमिर उर्फ गोलू, उमराव यादव, अरशद, मोहन राम सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।