गाजीपुर में खाद संकट से निपटने की तैयारी, 5 कर्मचारियों पर कार्रवाई की संस्तुति, 44 को नोटिस

An image for the post

गाजीपुर। सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल से उर्वरक वितरण प्रभावित होने पर जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर समितियों में खाद वितरण के लिए लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, कार्य नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन के अनुसार, पांच कर्मचारियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सहकारी समिति अधिनियम, 1965 की धारा 38 के तहत सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी गई है। एक कर्मचारी के खिलाफ एस्मा की धारा चार के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है, जबकि 44 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें 29 अक्टूबर तक समिति का कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है। जिले के 65 इफको केंद्रों पर 650 मीट्रिक टन डीएपी और 325 मीट्रिक टन एनपीएस का आवंटन किया गया है। इसके अलावा 43 अन्य सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों के लिए 1094 मीट्रिक टन डीएपी और 525 मीट्रिक टन एनपीएस आवंटित किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, बफर गोदाम में 8763 मीट्रिक टन यूरिया, 4341 मीट्रिक टन डीएपी और 1724 मीट्रिक टन एनपीएस उपलब्ध है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता के अनुसार, 28 अक्टूबर तक 26 समितियों के सचिव या प्रभारी हड़ताल से लौटकर काम शुरू कर चुके हैं। इनमें से 22 समितियों पर 27 और 28 अक्टूबर को पीओएस मशीन के जरिए 68 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया गया।