जनेश्वर मिश्र जयंती पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, 2027 में बदलाव का किया आह्वान

An image for the post

लखनऊ/गाजीपुर। समाजवादी चिंतक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर बुधवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ समेत प्रदेशभर के जिला कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र के समाजवादी विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने जीवनभर समाजवादी सिद्धांतों, सादगी और जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने उनके सम्मान में एशिया के सबसे बड़े पार्कों में शामिल जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण कराया, जो उनकी स्मृति को सदैव जीवंत रखेगा। अपने संबोधन में उन्होंने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं, खाद की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं, एक्सप्रेस-वे निर्माण और युवाओं के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का मन बना चुकी है। कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद सनातन पाण्डेय, राजकुमार पांडेय सहित कई नेताओं ने भी जनेश्वर मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर डमरू वादन, गंगा आरती और स्वस्तिवाचन का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध समाज के लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।