गाजीपुर। विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए नवागत अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने पारा विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 5 किलोवाट से अधिक भार वाले उपभोक्ताओं की समीक्षा करते हुए बकायेदारों से घर-घर राजस्व वसूली के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान 33 केवी वीसीबी में तकनीकी समस्या की जानकारी लेते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं पारा उपकेंद्र से जुड़े भाला फीडर में ओवरलोड मिलने पर एक्सियन ने जेई उमाशंकर को फीडर का करीब आधा लोड दूसरे फीडर पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सके। अधिशासी अभियंता ने जले और ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों की समीक्षा करते हुए क्षमता वृद्धि के लिए तत्काल प्राक्कलन तैयार कर कार्यालय भेजने को कहा। साथ ही फॉल्ट का समयबद्ध निस्तारण और अनावश्यक बिजली कटौती रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती दिखाई। शटडाउन लेने वाले लाइनमैन और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से सेफ्टी किट का इस्तेमाल करने तथा वर्कफोर्स एप पर शटडाउन की विधिवत एंट्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पारा उपकेंद्र पर नवागत एक्सियन विनोद कुमार का औचक निरीक्षण, ओवरलोड भाला फीडर को दो भागों में बांटने का निर्देश
