दुल्लहपुर (गाजीपुर)। नायकडीह बाजार में गुरुवार सुबह सड़क धंसने से ट्रक फंसने और लगे भीषण जाम की सूचना फैलने के महज दो घंटे के भीतर असर देखने को मिला। स्थानीय लोगों की शिकायत और समस्या की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने के बाद सड़क पर तत्काल गिट्टी-पत्थर डालकर धंसे हिस्से को समतल कराया गया। इसके बाद रोलर चलाकर सड़क को दबाया गया, जिससे फिलहाल वाहनों का आवागमन सुचारु हो गया है। सुबह सड़क धंसने के कारण एक ट्रक उसमें फंस गया था। इसके चलते देखते ही देखते नायकडीह बाजार में वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति ऐसी रही कि एंबुलेंस, स्कूली बसों और अन्य वाहनों को रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। इससे व्यापारियों और राहगीरों में नाराजगी बढ़ गई थी। समस्या की जानकारी मिलने पर समाजसेवी डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कराई। सड़क के धंसे हिस्से पर पर्याप्त मात्रा में गिट्टी और पत्थर डाले गए और रोलर चलाकर उसे मजबूत किया गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद नायकडीह बाजार के व्यापारियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। व्यापारियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर्व से पहले आवागमन सुचारु होने से बाजार में आने वाले ग्राहकों को परेशानी नहीं होगी। हालांकि स्थानीय लोगों ने सड़क का स्थायी निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग दोहराई है। जखनियां के उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि सड़क का स्थायी निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। बरसात के दौरान भारी वाहनों के आवागमन से सड़क को नुकसान पहुंच रहा है। फिलहाल गिट्टी-पत्थर डालकर आवागमन सुचारु करा दिया गया है। स्थायी निर्माण का कार्य बरसात के बाद कराया जाएगा।
नायकडीह बाजार में धंसी सड़क पर बिछी गिट्टी
