गाजीपुर: करंडा ब्लाक अंतर्गत ब्राह्मणपुरा गांव में बुधवार को पत्रकार स्व. राजेश मिश्रा की नौवीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर स्वजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के बाद लंगड़पुर स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भोजन कराया गया। हिंदी दैनिक के पत्रकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक राजेश मिश्रा की 21 अक्टूबर 2017 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तत्कालीन नवगठित भाजपा सरकार के शुरुआती दौर में इस हत्याकांड को प्रदेश के चर्चित मामलों में गिना गया था। वह आमजन के हितों के लिए समर्पित स्वाभिमान संगठन के संस्थापक सदस्यों में भी शामिल थे। उनकी हत्या के बाद जिले में व्यापक आक्रोश देखने को मिला था। प्रत्येक वर्ष घटनास्थल के पास उनकी पुण्यतिथि मनाकर उन्हें याद किया जाता है। बुधवार को सुबह 10 बजे उनके छोटे भाई अमितेश मिश्रा ने पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भोजन कराया गया। इस मौके पर स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष डॉ. देवेश सिंह, अरुणेश दुबे, आसिफ अंसारी, प्रिंस दुबे, गोविंद चौधरी, पीयूष सिंह, आलोक मिश्रा, धर्मेंद्र दुबे और माखन राजभर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पत्रकार स्व. राजेश मिश्रा की नौवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
