मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपाइयों ने किया नमन, विचारों पर चलने का लिया संकल्प

An image for the post

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को पार्टी कार्यालय समता भवन में श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सपाइयों ने नेताजी के चित्र पर नमन कर उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और धर्मनिरपेक्षता को मजबूत करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार और सिद्धांत समाजवादी कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। पूर्व मंत्री सैयद शादाब फातिमा ने कहा कि मुलायम सिंह यादव सामाजिक न्याय और समाजवादी विचारधारा के सशक्त प्रहरी थे। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, सादगी और जनसेवा का उदाहरण है। उनके विचार समाजवादी आंदोलन को हमेशा नई दिशा और ऊर्जा देते रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान रामधारी यादव, निजामुद्दीन खान, डॉ. ननकू यादव, अशोक बिन्द, सुभाष गुड्डू, सुशील जायसवाल, मदन यादव, सिकंदर कनौजिया, पुनीता यादव, राहुल निषाद, रीता विश्वकर्मा, बृजभान सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।