गाजीपुर: एलपीजी सिलेंडरों से लदा ट्रक पलटा, सड़क और खेत में बिखरे 342 सिलेंडर, टला बड़ा हादसा

An image for the post

सादात (गाजीपुर)। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर (कछुआ) के पास मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक पर लदे 342 इंडेन गैस सिलेंडर सड़क और आसपास के खेतों में बिखर गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी सिलेंडर में गैस रिसाव नहीं हुआ और न ही कोई जनहानि हुई। जानकारी के अनुसार, बिहार से 342 इंडेन गैस सिलेंडर लेकर एक ट्रक बहरियाबाद थाना क्षेत्र के अकबरपुर अहियाईं स्थित इंडेन गैस गोदाम की ओर जा रहा था। रायपुर (कछुआ) के पास सिंगल रोड पर संतुलन बिगड़ने से ट्रक पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक प्राथमिक विद्यालय को पार करने के बाद पलटा। यदि यह हादसा विद्यालय के समीप होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। ट्रक पलटते ही सड़क पर सिलेंडर बिखर गए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि चालक कमलेश कुमार और खलासी पूरी तरह सुरक्षित बच निकले। घटना की सूचना मिलते ही बहरियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने यातायात को सुचारु रखने के साथ ही सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए। इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर उमेश सिंह यादव ने बताया कि एहतियात के तौर पर सभी सिलेंडरों की जांच कराई गई। जांच में किसी प्रकार का गैस रिसाव या अन्य खतरा नहीं मिला, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने एक बार फिर सिंगल रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते हादसे पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।