ग़ाज़ीपुर। वैश्विक स्तर पर बढ़ते ऊर्जा संकट एवं पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती खपत जैसी गंभीर चुनौतियों को देखते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देते हुए आज पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान 2026 कार्यक्रम में बाइक द्वारा पहुंच कर सहभागिता की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि आज पूरे विश्व के सामने ऊर्जा संरक्षण एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। पारंपरिक ईंधनों पर बढ़ती निर्भरता न केवल आर्थिक दबाव बढ़ा रही है, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। ऐसे समय में ईंधन के संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा लगातार ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं “Mission LiFE” को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उसी प्रेरणा के तहत यह प्रयास किया गया है, ताकि आमजन को ईंधन बचत एवं जिम्मेदार जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा सके। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि अनावश्यक ईंधन खपत को कम करना आज समय की मांग है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाए तो ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे भी अपने दैनिक जीवन में जागरूकता एवं जिम्मेदारी का परिचय दें तथा राष्ट्रहित एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि “छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और ऊर्जा संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान 2026 कार्यक्रम में बाइक से पहुंचीं राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत,
