गहमर व दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

An image for the post

गाजीपुर। जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर पूर्वांचल के रेल यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई अहम मांगें उठाई हैं। इनमें सुहेलदेव एक्सप्रेस का रूट बदलने और गहमर व दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग प्रमुख है। जेडीयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि गाजीपुर से आनंद विहार जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस वर्तमान में जफराबाद स्टेशन पर इंजन बदलने के लिए करीब 45 मिनट रुकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि जौनपुर भंडारी स्टेशन से बने नए रेल कर्व के जरिए ट्रेन को जौनपुर सिटी होते हुए संचालित किया जाए। इससे इंजन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, यात्रियों का समय बचेगा और रेलवे की आर्थिक बचत भी होगी। साथ ही जौनपुर सिटी स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव देने की भी मांग की गई है। इसके अलावा पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस का ठहराव गहमर स्टेशन और राजेंद्र नगर-अजमेर एक्सप्रेस का ठहराव दिलदारनगर स्टेशन पर कराने की मांग भी उठाई गई है। इस संबंध में नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने भी अपनी संस्तुति के साथ रेल मंत्री को पत्र भेजकर इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।