गाजीपुर: जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राइफल क्लब गाजीपुर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लॉर्ड्स डिस्टलरी लिमिटेड गाजीपुर के सहयोग से प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 50 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील पांडेय और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रवि रंजन के सहयोग से सभी टीबी मरीजों को कतारबद्ध कर पोषण पोटली दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद गाजीपुर में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल मोबाइल वैन गांव-गांव जाकर प्रतिदिन 600 से 700 चेस्ट एक्स-रे कर रही है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में हैंडल एक्स-रे मशीनें उपलब्ध हैं। अभियान का लक्ष्य प्रतिदिन 20,000 बलगम की जांच करना है। जनपद के सभी ब्लॉकों में ट्रूनैट मशीनें उपलब्ध हैं, जिनसे बलगम की जांच की जा रही है। गाजीपुर में कुल 19 ट्रूनैट मशीनें और दो सीबीनेट मशीनें मौजूद हैं, जिनका उपयोग सभी संभावित टीबी मरीजों के बलगम जांच और चेस्ट एक्स-रे के लिए किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि प्रत्येक माह की 15 तारीख को सभी ब्लॉकों में टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील की। इस कार्यक्रम में लॉर्ड्स डिस्टलरी की ओर से श्री आनंद राय (एचआर, एडमिन) उपस्थित रहे। जिला क्षय रोग विभाग से डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह (डीपीसी), विवेक सिंह, वेंकटेश शर्मा, सुनील वर्मा, शशि सिंह और सौरभ सिंह भी मौजूद थे।
DM गाजीपुर ने 50 टीबी मरीजों को बांटी पोषण पोटली
