गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के सुकडेहरा गांव में दो सगे भाइयों पर हुई जानलेवा गोलीबारी के मामले में समाजवादी पार्टी ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के अनुसार, 13 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे गांव के ही हिस्ट्रीशीटर सर्वेश राय उर्फ सिंटू, आशुतोष राय उर्फ बिट्टू और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर राइफल से अंधाधुंध गोलीबारी की। इसमें राघवेश सिंह यादव और पंकज सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। सपा प्रतिनिधिमंडल ने घटना पर चिंता जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ समय रहते सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों में सुरक्षा की भावना कायम हो। प्रतिनिधिमंडल में विधायक शोएब अंसारी, विधायक जयकिशन साहू, पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, रामकृत यादव, अंबिका यादव, अजय, जयराम भारती, अमित ठाकुर, सदानंद, पंकज प्रधान, गोपाल पासी, पारस, रविंद्र यादव, शिवशंकर यादव, संतोष और रामआशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गोलीकांड के मामले में सपा विधायकों ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
