बिरनो (गाजीपुर)। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार खरवार के गृह जनपद आगमन पर भड़सर बाजार में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मारकंडे खरवार और दीना गौड़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। भड़सर बाजार स्थित अभय इंटरप्राइजेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बच्चियों ने तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा का स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया। नंद ग्रुप और अभय इंटरप्राइजेज की ओर से भी स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए विनोद कुमार खरवार ने कहा कि भड़सर और क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो मान-सम्मान और स्नेह दिया है, उसके लिए वह हमेशा कर्जदार रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक छोटे कार्यकर्ता को भी आगे बढ़कर बड़े दायित्व निभाने का अवसर मिलता है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत करने के बाद उन्हें जिला अध्यक्ष और काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व मिले। अब पार्टी ने उन्हें अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश महामंत्री बनाया है। उन्होंने इसे भाजपा में कार्यकर्ताओं को मिलने वाले अवसर का उदाहरण बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता से मिला प्यार और सम्मान वह कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति को कोई काम हो तो वह निःसंकोच उनसे संपर्क कर सकता है। क्षेत्र के लोगों के मान-सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में मारकंडे खरवार, दीना गौड़, वीरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, विनोद गुप्ता, ग्राम प्रधान विनोद पटेल, भरत सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि दीपक सिंह, दिलीप गौड़, विनोद यादव, नीरा यादव, मुसाफिर यादव, सुरेश दबगर, मन्नू दबगर, परमानंद यादव, कृष्णानंद यादव, राजन खरवार, विक्की खरवार और अनमोल खरवार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
भड़सर में विनोद खरवार का भव्य स्वागत, बोले- मान-सम्मान का कर्जदार रहूंगा
