सपा ने मनाई लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती, भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष का संकल्प

An image for the post

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से रविवार को जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई गई। इस दौरान आयोजित गोष्ठी में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और कुशल राजनीतिज्ञ थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही आजादी के बाद लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी अतुलनीय भूमिका निभाई। उनके विचारों और आदर्शों पर चलकर ही देश में खुशहाली लाई जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार नौजवानों की समस्याओं और उनकी आवाज को अनसुना कर रही है। युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उनका दमन किया जा रहा है। ऐसे दौर में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचार और संघर्ष अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने कहा कि जयप्रकाश नारायण का त्याग और समर्पण हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने संपूर्ण क्रांति आंदोलन के जरिए तत्कालीन इंदिरा सरकार को चुनौती दी थी। बिहार से शुरू हुआ यह आंदोलन देशव्यापी बना और भारतीय राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव का आधार बना। कार्यक्रम में पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सदानंद यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, रामजन्म चौहान, राहुल निषाद, सुग्गु, दारा यादव, अवधेश कुशवाहा, हरिवंश यादव, द्वारिका यादव और लड्डन खां सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।