गाज़ीपुर। आज एवरग्रीन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हरषोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ विद्यालय के आदरणीय निदेशक अरुण कुमार सिंह एवं मैनेजर निशा सिंह द्वारा माँ सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष भावपूर्ण दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात, तिरंगा फहराया गया और पूरा परिसर राष्ट्रगान की गूंज से देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में उपस्थित सभी अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने छात्रों को आजादी के महत्व को समझने और देश के वीर शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रेरित किया। उप-प्रधानाचार्य ने शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष बल दिया। ध्वजारोहण और संबोधन के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, तो वहीं वरिष्ठ छात्रों ने देश के स्वतंत्रता संग्राम और वीर सेनानियों के बलिदान को जीवंत करती हुई भावुक और ओजस्वी नाट्य प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों के राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत समूह गान ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में निदेशक महोदय ने सभी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में कोऑर्डिनेटर्स शैलेंद्र राय, स्वप्निल राजन, जयंत सिंह उपस्थित रहे।
एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में धूमधाम और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
