कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर सपा कार्यालय में विचार गोष्ठी, बहुजन आंदोलन में उनके योगदान को किया याद

An image for the post

गाजीपुर। कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन खां की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में कांशीराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और बहुजन समाज के राजनीतिक जागरण में योगदान को याद किया। डॉ. नन्हकू यादव ने कहा, “आज हम सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि एक युग-चेतना को नमन कर रहे हैं, जिसने इतिहास की गूंगी भीड़ को आवाज दी और राजनीति की ऊंची चौखटों पर बहुजन का नाम लिख दिया।” उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने किसी सिंहासन की नहीं, बल्कि समानता की क्रांति की कामना की थी। उनकी लड़ाई सत्ता पाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि सत्ता में वंचितों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की थी। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने दलितों, पिछड़ों और वंचितों को यह विश्वास दिलाया कि वे केवल मतदाता नहीं, बल्कि देश की राजनीति को दिशा देने वाली निर्णायक शक्ति हैं। उनका कथन कि *“हम राजनीतिक सत्ता इसलिए चाहते हैं ताकि सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था बदल सकें”* आज भी समानता और सम्मान की लड़ाई लड़ने वालों के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. यादव ने कहा कि कांशीराम जी की विरासत किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं, बल्कि एक आंदोलन की धड़कन है। उनके विचार आज भी लोगों को जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने जागरण को आंदोलन और आंदोलन को इतिहास बनाने का काम किया। गोष्ठी में सांसद प्रतिनिधि बलिराम पटेल, असलम हुसैन, मुन्नीलाल राजभर, राधेश्याम यादव, सदानंद यादव, सुभाष यादव, राहुल निषाद, फेंकूं यादव, दिनेश कुमार गुजराल, चंद्रबली यादव, परशुराम बिंद, प्रभुनाथ बिंद, राजेश गोड़, जयराम भारती, रामप्रकाश यादव, शेर अली राईनी, राजेश यादव, अनिल यादव, संतोष यादव, संजय यादव, विजय शंकर यादव, शिवमुनि, राकेश यादव और तिलक यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।