एनसीसी कैडेटों ने धूमधाम से निकाली तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

An image for the post

सादात (गाजीपुर)। देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को जगाने के लिए गुरुवार को सादात क्षेत्र में एनसीसी कैडेटों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान कैडेटों ने पूरे उत्साह के साथ आम जनता को देशभक्ति का संदेश दिया। बापू इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने कॉलेज परिसर से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की और रेलवे स्टेशन तक पहुंचे। बापू इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुशील कुमार सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. उदयभान सिंह और एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट शुभम सिंह की देखरेख में तिरंगा यात्रा सफल हुई। इस दौरान शिक्षक राजेश पाण्डेय, देवेंद्र सिंह सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे। जुलूस में 65 एसडी (सिनियर डिवीजन) और 30 एसडब्ल्यू (सिनियर विंग) कैडेटों के साथ-साथ सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। मुख्य रूप से कैडेट आयुष, जाह्नवी तिवारी, आरती और राणा ने यात्रा को आगे बढ़ाया।तिरंगा यात्रा के दौरान कैडेटों के हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज और उनके गगनभेदी नारे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में देश के प्रति सम्मान और जागरूकता पैदा करना था। इसी क्रम में 6/89 बटालियन श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज (समता) सादात के एनसीसी कैडेटों ने भी तिरंगा यात्रा निकालकर माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। इस यात्रा को प्रधानाचार्य राजेश यादव और एनसीसी केयर टेकर बृजेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिक्षक सर्वेश सिंह यादव, संतोष यादव, अशोक यादव, अनिल यादव भी इस दौरान साथ रहे। कैडेट नीरज, मनीष यादव, अंशिका यादव, आकांक्षा यादव सहित छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ भारत माता के जयकारे लगाए।