गाजीपुर। भारतीय अवाम पार्टी ने चुनाव आयोग के समर्थन में मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रति समर्थन जताया। मार्च का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कुँअर नसीम रजा सिकरवार और पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जाकिर हुसैन उर्फ विक्की ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के समर्थन में नारे लगाए। राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कुँअर नसीम रजा सिकरवार ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट लोकतंत्र की रक्षा करने वाली संवैधानिक संस्थाएं हैं। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान और राष्ट्रहित के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जाकिर हुसैन उर्फ विक्की ने कहा कि पार्टी देश की एकता, संस्कृति और सम्मान के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके समर्थक चुनाव आयोग को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने से पहले उनके उद्देश्यों पर विचार करने की अपील की। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग के समर्थन में आवाज उठाई। कार्यक्रम में हेलाल राजन, रफीक अंसारी, सलीम लाला, श्याम गुप्ता, आफताब आलम, अरशद अंसारी, वसीम अंसारी, गुलाफशा, शाहीन, पाकीजा अंजुम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
भारतीय अवाम पार्टी ने चुनाव आयोग के समर्थन में निकाला मार्च, कांग्रेस पर लगाए आरोप
