जंगीपुर में सड़क और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की पहल, विधायक वीरेंद्र यादव ने शासन को भेजे प्रस्ताव

An image for the post

गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सपा विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने शासन को पत्र भेजकर विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। विधायक ने एससी-एसटी समिति, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पत्र भेजकर क्षेत्र के कई गांवों में नाली निर्माण, सीसी सड़क निर्माण और संपर्क मार्गों के लेपन कार्य को जनहित में आवश्यक बताया है। विधायक की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में बिरनो विकासखंड के देवकठियां बीबीपुर में अरविंद यादव के डेरा से अंधऊ-जंगीपुर मार्ग स्थित बेसो नदी तक नाली निर्माण की मांग की गई है।

वहीं कोडरी घुरहाबंदा में रशीद के घर से असलाई ताल तथा मरदह विकासखंड के नसीरुद्दीनपुर हृदयपुर में बुद्धराम के घर से हृदयपुर माइनर तक नाली निर्माण प्रस्तावित किया गया है।

इन स्थानों पर सीसी सड़क का प्रस्ताव

विधायक ने बिरनो ब्लॉक के पिपनार में किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शिवराम चौहान के घर होते हुए शिवबालक के घर तक, तियरा में पीच रोड डिह बाबा स्थान से शिवकुमार चौहान के घर के आगे तक और भैरोपुर पीच रोड से महमुदपुर गांव तक सीसी सड़क निर्माण की मांग की है। इसके अलावा मरदह के पांडेयपुर में राधे पीच रोड से ओमप्रकाश राजभर के घर तक तथा सदर विकासखंड के जल्लापुर में मुहम्मदाबाद मार्ग से राजमणि कुशवाहा के घर तक सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

छह संपर्क मार्गों के लेपन की मांग

विधायक ने क्षेत्र के छह संपर्क मार्गों पर लेपन कार्य कराने की भी मांग की है। इनमें बिरनो विकासखंड के खरगपुर में रामजी सिंह के खेत से शंकरजी मंदिर होते हुए प्राथमिक विद्यालय तक, जुझारपुर-नखतपुर संपर्क मार्ग से वीर लोरिक इंटर कॉलेज होते हुए जलालाबाद संपर्क मार्ग, जंगीपुर पुराने पावर हाउस से सोहबतिया गांव, धनेशपुर-बहलोलपुर संपर्क मार्ग से पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव के घर तक और नखतपुर पासी बस्ती संपर्क मार्ग शामिल हैं।

वहीं सदर विकासखंड के पारा वारिखपुर रोड से बघुई बुजुर्ग संपर्क मार्ग पर भी लेपन कार्य कराने का प्रस्ताव रखा गया है। विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने शासन से सभी प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर जल्द निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है। प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।