जर्जर स्कूल भवन और गड्ढे पर समाजसेवी का अनूठा प्रदर्शन, 15 दिन में सुधार की चेतावनी

An image for the post

गाजीपुर। सदर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय चक अब्दुल बहाव में गुरुवार सुबह समग्र विकास इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी ब्रजभूषण दूबे ने विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर में मौजूद गहरे पानी से भरे गड्ढे में उतरकर अधिकारियों का ध्यान बच्चों की सुरक्षा की ओर आकर्षित किया। विद्यालय परिसर में टूटा गेट, क्षतिग्रस्त चहारदीवारी और करीब दस वर्षों से जर्जर पड़े दो भवन मिले। इन भवनों पर खतरा, परित्यक्त और निष्प्रयोग लिखा था। भवनों की छतें लटक रही हैं और दीवारें भी काफी क्षतिग्रस्त हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इनसे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दूबे ने विद्यालय के हैंडपंप की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार हैंडपंप के आसपास प्लेटफार्म और पहुंचने के लिए उचित रास्ता नहीं है। पास में घुटने से अधिक गहरा गड्ढा पानी से भरा है, जबकि हैंडपंप से कीचड़ और बालू युक्त पानी निकलने की शिकायत भी सामने आई। उन्होंने शौचालय और आंगनबाड़ी भवन की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गड्ढे के पास आंगनबाड़ी के बच्चों का भवन है, ऐसे में बच्चों के गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालय की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से जिले के अन्य जर्जर विद्यालयों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की उम्मीद जताई। दूबे ने कहा कि अधिकारी समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करते हैं, इसके बावजूद ऐसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर जर्जर भवन नहीं गिराए गए और हैंडपंप, शौचालय व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करेंगे। इस दौरान गुल्लू सिंह यादव, हनुमान बिंद, अमरनाथ सिंह यादव, अशोक साधु समेत अन्य लोग मौजूद रहे।