गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र में राजवाड़ी और औड़िहार रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे जंगल में एक पेड़ से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार को ग्रामीणों ने शव को पेड़ से लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खानपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर बारिश और बीच में बह रहे नाले के कारण शव को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस टीम ने शव को नाले के पार साइकिल ट्रॉली की मदद से मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से मैजिक वाहन के जरिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान बिहार के सिवान जिले के बभन बारा गांव निवासी छट्ठू प्रसाद के रूप में होने की संभावना है। मृतक के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है और वे गाजीपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के आने और पहचान की औपचारिक पुष्टि के बाद ही मृतक की आधिकारिक पहचान घोषित की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए सभी आवश्यक जांच कराई जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वरिष्ठ अधिकारियों के सत्यापन के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दौरान सिधौना चौकी इंचार्ज सुधीर चंद्र राय के नेतृत्व में कांस्टेबल राकेश पाल, हेड कांस्टेबल नवनीत पांडे, अंकित सिंह तथा थाना खानपुर के राज यादव मौजूद रहे। वहीं समाजसेवी नंदलाल यादव, पवन महाकाल और अभिषेक शाह ने भी सहयोग कर पुलिस की मदद की।
गाजीपुर: रेलवे ट्रैक किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव
