गाजीपुर। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में सभी थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान आईजीआरएस, मुख्यमंत्री संदर्भ और ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की थानावार समीक्षा की गई। लंबित मामलों और डिफॉल्टर श्रेणी में शामिल शिकायतों पर एसपी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी और तत्काल पेंडेंसी समाप्त करने का निर्देश दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पुलिस अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और पीड़ित की संतुष्टि के आधार पर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने थानों पर आने वाले महिलाओं, बुजुर्गों और असहाय व्यक्तियों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने पर भी जोर दिया। एसपी ने कहा कि जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान से ही पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत होगा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, आईजीआरएस सेल प्रभारी तथा जनपद के विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर एसपी सख्त, थानेदारों को चेतावनी
