बरसात में करंट से बचाव के लिए सैदपुर में बिजली विभाग का अभियान, विद्युत पोलों पर चढ़ाई जा रही प्लास्टिक शीट

An image for the post

सैदपुर (गाजीपुर)। वर्षा ऋतु के दौरान विद्युत पोलों में करंट उतरने से हुई दुर्घटनाओं के बाद सैदपुर बिजली विभाग सतर्क हो गया है। संभावित हादसों को रोकने के लिए विभाग ने नगर के विद्युत पोलों पर जमीन से लगभग छह फीट ऊंचाई तक प्लास्टिक शीट लपेटने का अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य करंट प्रवाहित होने की स्थिति में लोगों और मवेशियों को विद्युत पोल के सीधे संपर्क में आने से बचाना है। सैदपुर नगर में कई स्थानों पर विद्युत तारों का जाल फैला हुआ है। बरसात, तेज हवा और बंदरों के उत्पात के कारण कई बार तार टूटकर लोहे के पोलों को छू जाते हैं, जिससे पोल में करंट प्रवाहित होने लगता है। ऐसे पोल राहगीरों और पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। बीते कुछ सप्ताह में करंट प्रवाहित पोलों की चपेट में आने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान भी गई। इन घटनाओं के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्रवाई तथा एफआईआर जैसी कानूनी प्रक्रिया का भी सामना करना पड़ा। इन परिस्थितियों को देखते हुए बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर नगर के सभी प्रमुख विद्युत पोलों पर प्लास्टिक शीट लगाने का निर्णय लिया है। यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विद्युत वितरण खंड तृतीय के जूनियर इंजीनियर (जेई) दीपक कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर तारों को दुरुस्त किया गया है तथा पोलों से सटी पेड़ों की टहनियों की छंटाई भी कराई गई है। वर्तमान में खंभों में करंट उतरने जैसी कोई समस्या नहीं है, लेकिन लगातार बारिश, तेज हवा और बंदरों की गतिविधियों को देखते हुए संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यह अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि बरसात के दौरान किसी भी विद्युत पोल, टूटे तार या ट्रांसफॉर्मर के आसपास सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या दिखाई देने पर तुरंत बिजली विभाग को सूचित करें।