डीएम ने नवोदय विद्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, छात्रों संग बैठकर किया भोजन

An image for the post

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जवाहर नवोदय विद्यालय, गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, प्रयोगशालाओं और भोजनालय का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षा 12 में गणित की पढ़ाई का जायजा लिया।

उन्होंने विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर गणित का प्रश्न हल करवाकर उनकी विषय पर पकड़ और समझ को परखा। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करें तथा ऐसा कार्य करें जिससे परिवार, जनपद और देश का नाम रोशन हो। उन्होंने विद्यालय में शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी अपनी समस्याएं आसानी से विद्यालय प्रशासन तक पहुंचा सकें।

डीएम ने विद्यार्थियों को संत रविदास के जीवन और विचारों की जानकारी देते हुए उनके कृतित्व का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने रसायन विज्ञान और एटीएल प्रयोगशाला का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। बालिका छात्रावास में छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। छात्राओं ने छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की जानकारी दी।

इसके बाद जिलाधिकारी ने बालिका भोजनालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता परखी और भोजनालय में एसी लगाने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी विद्यार्थियों के साथ लाइन में लगकर स्वयं भोजन लेकर छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से सहजता से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई और आवश्यकताओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।