डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी: गाजीपुर के बुजुर्ग को वापस मिले 25.44 लाख रुपये

An image for the post

गाजीपुर। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के जाल में फंसे गोराबाजार निवासी दिनेश सिंह को साइबर क्राइम थाना गाजीपुर की टीम ने बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस के प्रयास से पीड़ित के खाते में कुल 25 लाख 44 हजार 800 रुपये वापस कराए गए हैं। यह रकम उनकी जीवनभर की कमाई और बेटी की शादी के लिए जुटाई गई बचत थी। जानकारी के अनुसार, गोराबाजार के पीरनगर स्ट्रीट नंबर-5, बड़ा महादेवा निवासी दिनेश सिंह को साइबर अपराधियों ने पुलिस की वर्दी में वीडियो कॉल किया। खुद को पुलिस अधिकारी बताकर आरोप लगाया कि उनके खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा आया है। अपराधियों ने दावा किया कि गिरफ्तार व्यक्ति के पास से उनके नाम का आधार कार्ड मिला है और मोबाइल डिटेल में भी उनका नाम सामने आया है। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर उनसे रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। डर के कारण दिनेश सिंह ने करीब एक महीने तक किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में बेटी के घर आने पर उन्होंने पूरी घटना बताई। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुकदमा संख्या 25/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक नगर (नोडल साइबर), क्षेत्राधिकारी साइबर और प्रभारी निरीक्षक रहमतुल्लाह खान के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से करीब दो लाख रुपये फ्रीज कराए गए। इसके अलावा भारत में व्यापार करने वाले चीन के एक व्यक्ति से जुड़े बैंक खाते में 24 लाख 99 हजार 800 रुपये फ्रीज कराए गए। बैंक के नोडल अधिकारी और कानूनी टीम से समन्वय स्थापित कर पूरी फ्रीज धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर दिनेश सिंह ने साइबर क्राइम थाना की टीम की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस अब मामले में सामने आए बैंक खाताधारकों और मोबाइल नंबरों की गहन जांच कर रही है। **पुलिस की अपील:** पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून में डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है। कोई भी पुलिस अधिकारी वीडियो कॉल पर किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करता। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर **1930** पर कॉल करें या [www.cybercrime.gov.in](https://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर क्राइम थाना गाजीपुर का संपर्क नंबर **7839864020** है।