गहमर में शराब पीने के दौरान विवाद, ईंट से पीटकर युवक की हत्या का आरोप

An image for the post

गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के रायसेनपुर गांव में रविवार देर शाम शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। घायल अवस्था में कर्मनाशा नदी के महादेवा घाट पर मिले युवक को परिजन तत्काल दिलदारनगर स्थित आरपी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रायसेनपुर गांव निवासी चंदन सिंह उर्फ तूफानी सिंह (42) के रूप में हुई है। चंदन के चचेरे भाई पिंटू सिंह के अनुसार, रविवार शाम गांव का ही विकास सिंह उसे बाइक पर बैठाकर ले गया था। दोनों ने सायर स्थित शराब की दुकान से शराब खरीदी और इसके बाद कर्मनाशा नदी के महादेवा घाट पर बैठकर शराब पीने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और चंदन पर ईंट से हमला कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक चंदन के सिर के पिछले हिस्से, मुंह और दाढ़ी के नीचे गंभीर चोटें थीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के भाई पंकज सिंह की तहरीर पर गहमर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक गहमर नंद कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।