जमानियां नगर पालिका में सभासदों का धरना 15वें दिन भी जारी, नवीन गृहकर वसूली पर रोक समेत कई मांगें

An image for the post

गाज़ीपुर। जमानियां नगर पालिका परिषद में चेयरमैन के कथित मनमाने रवैये, नवीन गृहकर की वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के दुरुपयोग के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बृहस्पतिवार को 15वें दिन भी जारी रहा। नगर पालिका परिसर में धरनारत सभासदों ने पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। सभासदों ने आरोप लगाया कि नवीन गृहकर की वसूली पर रोक के बावजूद कथित तौर पर वसूली की जा रही है, जिससे नगरवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने रोक संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन कराने की मांग की। साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की पदवार सूची सार्वजनिक करने, उनके कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने और टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। धरनारत सभासदों ने नगर में बदहाल साफ-सफाई और चरमराई प्रकाश व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सदन में रखे गए प्रस्तावों की अनदेखी की जा रही है और बुनियादी समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरती जा रही है। सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे संवैधानिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। धरने में प्रमोद यादव, राकेश प्रजापति, अंजनी गुप्ता, सचिन वर्मा, मोहन गुप्ता, आशीम खां, रजनीकांत उपाध्याय, उमराव यादव, शिवबचन यादव, अरशद सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।