गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे अभियुक्त शंकर पांडेय के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने NBW और धारा 83 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत अभियुक्त के फुल्लनपुर स्थित मकान की कुर्की कर वहां मौजूद सामान को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में वर्ष 2020 में विनोद सिंह निवासी अतरौली, थाना रेवतीपुर, हाल पता राय कॉलोनी, गाजीपुर की तहरीर पर मुकदमा संख्या 165/2020 दर्ज किया गया था। मुकदमे में शंकर पांडेय पुत्र राजशेखर पांडेय निवासी फुल्लनपुर समेत अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। आरोप है कि वादी के पुत्र अंशुमान सिंह की चाकू और कुल्हाड़ी आदि से हत्या कर दी गई थी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 12 अगस्त को उपनिरीक्षक राम मिलन यादव पुलिस टीम के साथ अभियुक्त के फुल्लनपुर स्थित मकान पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान अभियुक्त और उसके परिजन मौके पर मौजूद नहीं मिले। पुलिस के साथ मौजूद गवाहों के सामने मकान का मुख्य दरवाजा खुला पाया गया। पुलिस ने आसपास तलाश की, लेकिन शंकर पांडेय का कोई सुराग नहीं मिला। स्थानीय लोगों और गवाहों ने पुलिस को बताया कि गांव में हत्या की घटना के बाद से ही शंकर पांडेय गांव में दिखाई नहीं दिया और तभी से फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश से अवगत कराने के बाद पुलिस ने मकान की वीडियोग्राफी कराई। मकान में मौजूद सामान की नियमानुसार सूची तैयार की गई और धारा 83 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कुर्क कर उसे पुलिस कब्जे में ले लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अभियुक्त पर शिकंजा और कस गया है।
शंकर पांडेय के मकान की कुर्की, हत्या के मामले में लंबे समय से चल रहा फरार
