गाजीपुर। जनपद की प्रतिभाशाली बेटी साधना पाल ने अपनी कला और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाजीपुर का नाम रोशन किया है। ग्राम बुढ़नपुर, पोस्ट शादियाबाद निवासी राजेंद्र पाल की पुत्री साधना ने महज 2×1.5 इंच के कपड़े पर अभिनेता विजय थलपति का चेहरा हाथ से कढ़ाई कर तैयार किया। उनकी इस कलाकृति को International Book of Records – World Records of Excellence में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया। यह उपलब्धि उन्होंने 13 अगस्त 2026 को हासिल की। इस उपलब्धि के बाद सोमवार को साधना पाल ने राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत से छावनी लाइन स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। सांसद ने साधना की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि साधना ने अपनी रचनात्मकता, मेहनत और लगन से साबित किया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। इतने छोटे आकार में कढ़ाई के जरिए चेहरे को बारीकी से उकेरना उनके धैर्य और समर्पण का प्रमाण है। यह उपलब्धि साधना और उनके परिवार के साथ पूरे गाजीपुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जनपद की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उनकी क्षमताओं को पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के अवसर देने की। साधना जैसी बेटियों की उपलब्धियां दूसरी बेटियों को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करती हैं। सांसद ने विश्वास जताया कि साधना भविष्य में भी अपनी कला के माध्यम से जनपद और देश का नाम रोशन करेंगी।
सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने किया गाजीपुर की विश्व रिकॉर्डधारी बेटी साधना पाल का सम्मान, कढ़ाई से विजय थलपति का चेहरा बनाकर रचा इतिहास
