हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ गाजीपुर के पत्रकारों में आक्रोश, पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

An image for the post

गाजीपुर। ‘हिंदी खबर’ और ‘लिविंग इंडिया’ के संपादकों व पत्रकारों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी को लेकर गाजीपुर के पत्रकार संगठनों ने नाराजगी जताई है। प्रेस क्लब गाजीपुर एवं गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और पत्रकारों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पत्रकार संगठनों ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार को उजागर करने वाले पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र में जनहित के मुद्दों को सामने लाने और व्यवस्था की जवाबदेही तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में पत्रकारों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने तथा संबंधित पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामलों और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग की। साथ ही पत्रकारों के उत्पीड़न पर रोक लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की अपील की। पत्रकार संगठनों ने कहा कि पत्रकारों को बिना किसी भय के जनहित के मुद्दे उठाने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए उनकी सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना आवश्यक है। पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी कि मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं होने पर वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने की मांग उठाई। पत्रक सौंपने वालों में गाजीपुर प्रेस क्‍लब के अध्‍यक्ष शिवकुमार, पत्रकार एसोसिएशन के अध्‍यक्ष सूर्यवीर सिंह, मनीष मिश्रा, आलोक त्रिपाठी, पवन मिश्रा, आशुतोष त्रिपाठी आदि लोग मौजूद थे।