गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के प्रयासों से सांसद निधि योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम का उद्घाटन किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करने के साथ आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत बौड़हिया बाबा, रामलीला मैदान नवाबगंज, गुलाबदास बाबा जमलापुर, पीजी कॉलेज खेल मैदान, नवीन स्टेडियम गोराबाजार, रवींद्रनाथ टैगोर पार्क, लंका मैदान पार्क और गांधी पार्क आमघाट सहित विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराई गई। डॉ. संगीता बलवंत ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए इसे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल बताया। इन ओपन जिम से स्थानीय नागरिकों को अपने आसपास ही व्यायाम करने का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिला मंत्री किरण सिंह व सुमन बिंद, जिला कार्यालय मंत्री राजेंद्र प्रजापति, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अर्जुन सेठ, रासबिहारी राय, गर्वजीत सिंह, मोहित सिंह, रूपक तिवारी, विनोद दुबे, डॉ. माया सिंह, विभा पाल, रामलीला कमेटी अध्यक्ष बच्चा तिवारी, सभासद पवन राय, चंदन राय सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत की पहल से गाजीपुर में 10 स्थानों पर ओपन जिम का उद्घाटन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
