गुरु पूर्णिमा पर सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में गुरुजनों का हुआ भव्य सम्मान

An image for the post

गुरु पूर्णिमा पर सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में गुरुजनों का हुआ भव्य सम्मान गाजीपुर। गुरु-शिष्य परंपरा के प्रतीक पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में गुरु भक्ति का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत शिक्षक अभिमन्यु यादव और शुभम आर्य के निर्देशन में कक्षा चार के विद्यार्थियों द्वारा गुरु महिमा पर आधारित भावपूर्ण गीत की प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद कक्षा दसवीं की छात्राओं ने सभी गुरुजनों का तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कक्षा 11वीं के मेधावी छात्र कृष मिश्रा ने अपने ओजस्वी भाषण में गुरु की महत्ता बताते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले सच्चे मार्गदर्शक हैं। वहीं हिंदी अध्यापक विशेश्वर तिवारी ने गुरु वंदना पर आधारित गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। वरिष्ठ हिंदी अध्यापक अवनीश राय ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में जो भी हमें ज्ञान और सही दिशा देता है, वही हमारा सच्चा गुरु होता है। विद्यालय की प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “बच्चों के जीवन में गुरु की भूमिका सूर्य के समान है, जो ज्ञान का प्रकाश फैलाकर हर अंधकार को दूर करता है।” उन्होंने सभी गुरुजनों और विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य चंद्र सेन तिवारी ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छे संस्कार और सफल जीवन की नींव गुरु के सान्निध्य में ही रखी जाती है। उन्होंने हनुमान चालीसा की चौपाई “जय जय हनुमान गोसाईं, कृपा करो गुरुदेव की नाई” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से गुरुजनों का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के रेजिडेंट डायरेक्टर अमित रघुवंशी, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, उप-प्रधानाचार्य आवेश कुमार, कोऑर्डिनेटर अमित सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।