गाज़ीपुर। राबर्ट्सगंज, सोनभद्र में आयोजित 4वीं उत्तर प्रदेश थाईबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जनपद का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण, 1 रजत एवं 3 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में शिल्पा यादव, अनुशा यादव, विशाखा यादव, साक्षी कुमारी, निलेश राय, कुशाग्र कटियार, अंशुमन तिवारी, नैवेद्य आनंद, कृति कौर एवं अंशिका राय शामिल रहे। रजत पदक दीक्षा उपाध्याय ने प्राप्त किया। कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों में आशीष खरवार, अमिति यादव एवं अनन्या राय शामिल रहीं। इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय टीम के कोच देवेंद्र प्रसाद प्रजापति एवं टीम मैनेजर परवीन सुल्ताना के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण को भी जाता है, जिनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार सफलता के उपरांत विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी, निदेशिका डॉ. मीना अधमी, प्रधानाचार्य श्री इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य हनीफ सिद्दीकी एवं समन्वयक अंजली श्रीवास्तव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों, कोच एवं टीम प्रबंधन को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में और अधिक सफलताओं की कामना की।
थाईबॉक्सिंग चैंपियनशिप में शाह फ़ैज़ के खिलाड़ियों का स्वर्णिम प्रदर्शन, विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह
