मिशन शक्ति 6.0 के तहत निकली जागरूकता रैली, डीएम और एसपी हुए शामिल

An image for the post

गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत सोमवार को महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर विकास भवन पहुंची। रैली में पुलिस विभाग की महिला कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सुरक्षा और समानता की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।