गाजीपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा-कक्षों की कमी दूर करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्ष 2026-27 में जनपद के 24 परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए राज्य परियोजना कार्यालय, लखनऊ ने बजट स्वीकृत किया है। स्वीकृत धनराशि संबंधित विद्यालयों की विद्यालय प्रबंध समिति को भेजी जाएगी। शासनादेश में निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इसके साथ ही जीर्ण-शीर्ण और असुरक्षित विद्यालय भवनों के तकनीकी सत्यापन तथा नियमानुसार नीलामी या ध्वस्तीकरण के बाद जरूरत के अनुसार 4 परिषदीय विद्यालयों के पुनर्निर्माण/नवनिर्माण के लिए भी बजट आवंटित किया गया है। इसी क्रम में वार्षिक कार्ययोजना और बजट में प्रस्तावित कार्यों के आधार पर एक ब्लॉक संसाधन केंद्र के पुनर्निर्माण के लिए भी समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत बजट प्रेषित किया गया है।
इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद परिषदीय विद्यालयों में कक्षा-कक्षों की कमी दूर होने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को पर्याप्त और व्यवस्थित शिक्षण स्थान मिलेगा। अतिरिक्त कक्षा-कक्ष बनने से कक्षाओं में भीड़ कम होगी और शिक्षण-अधिगम गतिविधियों के संचालन में भी सुविधा होगी। शिक्षा विभाग के इस कदम से जिले के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार होने की उम्मीद है।
