नवीन गृहकर वसूली के विरोध में सभासदों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा

An image for the post

जमानियां, गाज़ीपुर। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी लाभ के लिए दुरुपयोग के आरोपों को लेकर नगर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। चेयरमैन जय प्रकाश गुप्ता के खिलाफ सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान आक्रोशित सभासदों ने जमकर नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरनारत सभासदों ने आरोप लगाया कि नवीन गृहकर वसूली पर सक्षम अधिकारियों की ओर से रोक के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी गाजीपुर ने भी इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। वहीं, 11 सितंबर 2026 को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से नवीन गृहकर को फिलहाल समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद नगरवासियों पर गृहकर जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। सभासदों ने चेयरमैन पर प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी, वादाखिलाफी और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का निजी हित में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए बोर्ड के प्रस्ताव का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में अध्यक्ष या संबंधित अधिकारी-कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए। सभासदों ने चेतावनी दी कि उनकी छह सूत्रीय मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर नगरवासियों को कथित जबरन वसूली से राहत दिलाने की मांग की। धरने में सभासद सुरेंद्र चौधरी साहू, राजा बाबू, आशिमा खां, अंजनी कुमार गुप्ता, प्रमोद यादव, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, मोहन गुप्ता, रजनीकांत उपाध्याय, मनीष यादव, राकेश प्रजापति, विकास जायसवाल जुगनू, शमीम अंसारी, शिवबचन यादव और उमराव यादव सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।